23 मार्च को कंगना रनौत अपना जन्मदिन मना रही हैं। संयोग से यह देश के महान क्रांतिकारियों सरदार भगत सिंह, राजगुरु और सुखदेव का शहीदी दिवस भी है। इसी दिन इन स्वतंत्रता सेनानियों ने फांसी का फंदा चूमकर ब्रिटिश हुकूमत की जड़ें हिंला दी थीं। कंगना ने अपने जन्मदिन पर सभी का शुक्रिया कहने के साथ इन शहीदों को नमन किया।
कंगना की टीम ने ट्विटर पर एक वीडियो पोस्ट किया है, जिसमें वो कैफ़ी आज़मी के लिखे गीत को गुनगुना रही हैं। इस वीडियो में कंगना कहती हैं कि फ़िल्म इंडस्ट्री से, रिश्तेदारों से, फैमिली से जन्मदिन की बहुत शुभकामनाएं मिल रही हैं, उसके लिए मैं आभारी हूं। आज एक और महत्वपूर्ण दिन है। भगत सिंह, राजगुरु और सुखदेव आज के दिन शहीद हुए थे। उनके लिए मैं कैफ़ी आज़मी जी की लिखी हुई पंक्तियां गाना चाहूंगी
बता दें कि 23 मार्च 1931 को सरदार भगत सिंह, सुखदेव और राजगुरु को लाहौर सेंट्रल जेल में फांसी दी गयी थी। शहादत के समय भगत सिंह की उम्र सिर्फ़ 23 साल थी। भगत सिंह ने कई पीढ़ियों के नौजवानों को प्रभावित किया। बॉलीवुड में भी कई फ़िल्ममेकर्स ने उन पर बायोपिक बनायीं। इनमें मनोज कुमार, अजय देवगन और बॉबी देओल ने महान शहीद का किरदार निभाया।
कंगना की बात करें तो फ़िलहाल वो जयललिलता की बायोपिक थलाइवी की शूटिंग कर रही हैं। 2020 में उनकी फ़िल्म पंगा रिलीज़ हो चुकी है, जो एक कबड्डी खिलाड़ी की कहानी है। इस फ़िल्म में कंगना ने जया निगम नाम की खिलाड़ी का रोल निभाया, जो शादी और परिवार की ज़िम्मेदारियों के बाद अपने खेल की तरफ़ लौटती है और चैम्पियन बनती हैं